15 वर्षों से निभा रहा सेवा का संकल्प, इस बार भी शिवभक्तों को भोजन, दवा, विश्राम, मसाज समेत सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी
जमशेदपुर : सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से ओम कांवरिया सेवा संघ द्वारा इस वर्ष भी देवघर कांवरिया पथ पर सुईयाँ पहाड़ स्थित घुटिया में एक माह का विशाल सेवा शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर 29 जुलाई से 26 अगस्त तक संचालित होगा। शिविर के उद्घाटन के अवसर पर 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया जाएगा।

सोमवार को बिरसानगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्था के प्रमुख पप्पू सिंह ने बताया कि ओम कांवरिया सेवा संघ पिछले 15 वर्षों से लगातार शिवभक्तों की सेवा में समर्पित है और इस वर्ष संगठन 16वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। सेवा की इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी कांवरियों के लिए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि शिविर के संचालन के लिए 32 स्वयंसेवकों (वोलेंटियर) की टीम सोमवार को ही रवाना हो चुकी है। इसके अलावा विभिन्न शहरों से भी दर्जनों स्वयंसेवक शिविर में पहुंचकर सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
भोजन, दवा, विश्राम से लेकर बॉडी मसाज तक की रहेगी सुविधा……
संस्था की ओर से शिवभक्तों के लिए नहाने, भोजन, नाश्ता, दवा, शौचालय, रात्रि विश्राम और गर्म पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। प्रतिदिन सुबह एवं शाम पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन होगा. कांवरियों की थकान दूर करने के लिए आधुनिक मशीनों के माध्यम से फुट, हेड और बॉडी मसाज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। भोजन में पुड़ी, सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना एवं खीर सहित अन्य प्रसाद वितरित किए जाएंगे। साथ ही मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध रहेगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. संवाददाता सम्मेलन में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह एवं राजेन्द्र प्रसाद सिंह भी उपस्थित रहे।