चांडिल : नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह, चांडिल के प्रांगण में देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान संस्थान के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों, सरल व्यवहार और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देशवासियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। वे कुशल राजनेता होने के साथ-साथ महान वक्ता, कवि और संवेदनशील राष्ट्रनायक भी थे।

डॉ. पांडेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखते हुए राजनीति में स्वस्थ विचार और संवाद की परंपरा को मजबूत किया। देश के विकास, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी राष्ट्रभक्ति, ईमानदारी, अनुशासन, संघर्षशीलता और सकारात्मक सोच को आत्मसात कर युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से अपने भविष्य को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
संस्थान के संस्थापक ने कहा कि नारायण प्राइवेट आईटीआई का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार के योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। संस्थान इसी उद्देश्य के साथ निरंतर कार्य कर रहा है. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जीवन में अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और युवा अपने ज्ञान, मेहनत एवं कौशल के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक शांति राम महतो, एडवोकेट निखिल कुमार, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि भूषण महतो, पवन महतो, देवाशीष मंडल, अजय मंडल, गौरव महतो, कृष्ण पद महतो एवं निमाई मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया।



























































