जमशेदपुर। उत्तरी घोड़ाबांधा पंचायत के उप मुखिया आलमताज़ के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा सका, जिसके बाद प्रस्ताव स्वतः निरस्त हो गया। इसके साथ ही आलमताज़ अपने पद पर बने रहेंगे. उत्तर घोड़ाबांधा पंचायत मंडप में आयोजित विशेष बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुमित प्रकाश एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी की उपस्थिति में की गई। बैठक में ग्राम पंचायत के निर्वाचित सदस्यों, मुखिया तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. मतदान के बाद अविश्वास प्रस्ताव को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने पर बीडीओ ने उप मुखिया आलमताज़ को विजयी घोषित किया। परिणाम की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

इसके बाद अधिवक्ता गुड्डू हैदर के नेतृत्व में बारीनगर स्थित साबरी चौक पर आलमताज़ का शॉल ओढ़ाकर एवं फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों और स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. इस अवसर पर मो. शरीफ, मो. जुम्मन, बब्बन, मो. आफताब, मो. मकसूद, करीम, इमामुल, मो. खुर्शीद, मुन्ना खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समर्थक उपस्थित थे।
