जमशेदपुर : मानगो ट्रैफिक थाना क्षेत्र में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान चालक के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस मामले को लेकर मानवाधिकार मिशन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लिए जाने पर उपायुक्त (DC) एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के प्रति आभार भी जताया गया है।



मानवाधिकार मिशन के राष्ट्रीय निदेशक एवं एग्जीक्यूटिव चेयरमैन जी जयराम दास ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन किसी भी नागरिक के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज या मारपीट जैसी घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जांच अभियान के दौरान भी मानवाधिकारों और सम्मानजनक व्यवहार का पालन किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के दावों की सत्यता की जांच जरूरी है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। दोषी पाए जाने वालों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे आम लोगों का कानून व्यवस्था और प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
मानवाधिकार मिशन की ओर से कहा गया कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संबंध और भरोसा बनाए रखने के लिए पारदर्शी कार्रवाई बेहद जरूरी है। संगठन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाएगा।
वहीं, मानवाधिकार मिशन के राष्ट्रीय निदेशक एवं एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉक्टर जी जयराम दास ने मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई प्रक्रिया शुरू करने पर उपायुक्त (DC) एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के प्रति आभार व्यक्त किया।



