जमशेदपुर : लक्ष्मीनगर निवासी एवं क्षेत्र के कर्मठ कार्यकर्ता और वरिष्ठ समाजसेवी सोमनाथ साहु (70 वर्ष) का शनिवार को हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही लक्ष्मीनगर सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जाता है कि शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत टाटा मेन अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
सोमनाथ साहु लक्ष्मीनगर के महामंत्री होने के साथ-साथ लक्ष्मीनगर वरिष्ठ नागरिक भवन के सक्रिय सदस्य भी थे। वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और क्षेत्र के लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे. उनके निधन पर समाजसेवी करनदीप सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सोमनाथ साहु का जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों की सेवा के लिए तन-मन-धन से समर्पित रहते थे और हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते थे। सोमनाथ साहु अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार रविवार को स्वर्णरेखा घाट पर कर दिया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
