जमशेदपुर : बालीगुमा क्षेत्र स्थित जल मीनार योजना में अनियमितताओं और अधूरे कार्यों को लेकर नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने संयुक्त रूप से जल मीनार परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जल आपूर्ति योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन कई स्थानों पर अब भी अधूरी है, जिससे क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति बाधित हो रही है। इसके अलावा, जल मीनार परिसर में उपयोग की जा रही कई सामग्री और उपकरण जर्जर अवस्था में मिले, जिस पर मेयर ने गहरी नाराजगी जताई।
मेयर सुधा गुप्ता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए स्पष्ट कहा कि इस तरह की लापरवाही जनहित के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अधूरी पाइपलाइन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूरा किया जाए तथा जर्जर सामग्रियों को हटाकर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की देरी या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। मेयर ने कहा कि जल आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधा में बाधा सीधे आम जनता के जीवन को प्रभावित करती है, इसलिए इस योजना को तय समयसीमा में पूर्ण करना बेहद जरूरी है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य में ढिलाई या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के समक्ष रखीं। इस पर बन्ना गुप्ता ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति बहाल की जाएगी. अंत में मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण योजना को तेजी से पूर्ण कर आम जनता को राहत दी जाए, ताकि बालीगुमा क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की सुविधा सुचारु रूप से मिल सके।
