जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा शान से लहराया और जगह-जगह देशभक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जिले का मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त राजीव रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद पुलिस एवं सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने परेड का निरीक्षण किया. समारोह को लेकर गोपाल मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों एवं आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : डीसी…..
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार….
डीसी ने बताया कि सदर अस्पताल में सिकल सेल एनीमिया की जांच की सुविधा शुरू की गई है। अब तक 14,463 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें 44 मरीज चिह्नित हुए हैं और उनका इलाज जारी है। सदर अस्पताल में प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल की सुविधा भी शुरू की गई है. उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी के 1,189 मरीजों की पहचान की गई है, जिनका नियमित उपचार किया जा रहा है। टेल्को स्थित कुपोषण उपचार केंद्र भी बेहतर काम कर रहा है। जिले में फिलहाल 367 कुपोषित बच्चों का इलाज चल रहा है।
महिलाओं और बच्चों के लिए योजनाओं पर जोर…..
उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2026-27 में जिले में 13,561 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया, जबकि 14,534 लोगों का टीकाकरण किया गया। करीब 9.89 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ा जा चुका है. उन्होंने कहा कि जिले की करीब 11 हजार छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ा गया है। वहीं, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत 2.86 लाख महिलाओं को पेंशन दी जा रही है. गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए संचालित दाल-भात केंद्रों का भी जिक्र करते हुए डीसी ने बताया कि जिले में 17 दाल-भात केंद्र संचालित हैं, जहां प्रतिदिन करीब 4,600 लोगों को महज पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
पुलिस कार्यालय से लेकर थानों तक लहराया तिरंगा….
गोपाल मैदान के मुख्य समारोह के अलावा जमशेदपुर के सरकारी और निजी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। एसएसपी कार्यालय में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वन विभाग के कार्यालय में भी समारोह आयोजित कर तिरंगे को सलामी दी गई. इसके अलावा जिले के सभी थानों, सरकारी अस्पतालों, प्रखंड कार्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रभात फेरियों से गूंजा शहर…
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने कई इलाकों में प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ बच्चों ने लोगों में राष्ट्रीय भावना का संचार किया। पूरे शहर में दिनभर ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों की गूंज सुनाई देती रही।

























































