जमशेदपुर : डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 25 दिनों से जारी पेयजल संकट, फॉगिंग नहीं होने और नियमित कचरा उठाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्वी सिंहभूम लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सौरव विष्णु के नेतृत्व में आयोजित आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करने, नियमित फॉगिंग कराने और कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की. धरने के दौरान सौरव विष्णु ने कहा कि उन्होंने जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर आंदोलन की शुरुआत अपने घर से की है। अब जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन जमशेदपुर के डिमना-मानगो क्षेत्र में लोगों को आज भी पानी, सफाई, नाली और फॉगिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होंने मानगो नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच जिम्मेदारी को लेकर चल रही खींचतान पर भी सवाल उठाया। कहा कि नगर निगम की ओर से कई कार्यों की जिम्मेदारी विधायक पर और विधायक की ओर से नगर निगम पर डाली जाती है। इसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जनता को आश्वासन और बहाने नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहिए. सौरव विष्णु ने कहा कि जिस तरह लोगों को पानी का बिल जमा करने के लिए समय पर मैसेज भेजा जाता है, उसी तरह मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी व्यवस्था को तत्परता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब डीसी, नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक शिकायत पहुंचाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो लोगों को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डिमना से शुरू हुई यह आवाज केवल एक कॉलोनी तक सीमित नहीं रहेगी। पेयजल, सफाई, नाली और फॉगिंग जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने पर जमशेदपुर के अन्य क्षेत्रों में भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकार, सम्मानजनक जीवन और बेहतर नागरिक सुविधाओं की मांग को लेकर है. धरना-प्रदर्शन में राकेश प्रसाद, बी. पालित, ए.के. सिंह, साकेत रंजन, सुबोध प्रसाद, गिरधारी सिंह, राजकुमार वर्मा, विनोद प्रसाद, जसविंदर कौर, बीना देवी, उषा कुमारी, उषा देवी, खगेश पांडेय, प्रमोद मालाकार, शशि भूषण, अभय कुमार, के.पी. गुप्ता, अजीत कुमार सिंह, मनोज खत्री और अभय सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



























































