जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस समर्थित मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने कदमा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सफल एवं शांतिपूर्ण चुनाव संचालन के लिए वरीय आरक्षी अधीक्षक सहित सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
सुधा गुप्ता ने कहा कि जिस उत्साह, शांति और लोकतांत्रिक भावना के साथ मानगो की जनता ने मतदान किया, वह शहर की परिपक्वता का प्रमाण है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर यह स्पष्ट कर दिया है कि मानगो बदलाव चाहता है — स्वच्छता, सुरक्षा, विकास और सम्मानजनक नगर प्रशासन चाहता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने विकास के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति की है। “हमें पूर्ण विश्वास है कि मानगो की जनता सच्चाई, सेवा और समर्पण को समर्थन देगी। लेकिन लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है। परिणाम जो भी हो, हम उसे विनम्रता से स्वीकार करेंगे।”
सुधा गुप्ता ने बताया कि जीत के बाद मानगो की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पहले से ही ब्लूप्रिंट तैयार है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस वर्ष गर्मी में क्षेत्र में पानी का संकट उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा। यदि 27 फरवरी को मतगणना के बाद उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलता है, तो सबसे पहले पानी की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा बिजली, सड़क, नाली और गंदगी की समस्या को भी चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा।
उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उनका लक्ष्य है…..
✔️ स्वच्छ और सुंदर मानगो
✔️ महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण
✔️ युवाओं के लिए बेहतर अवसर
✔️ उन्नत स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं
अंत में उन्होंने सभी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और इसे सकारात्मक ऊर्जा के साथ स्वीकार किया जाना चाहिए।
