देहरादून : आगामी चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति ने बड़ा निर्णय लिया है। अब बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम के मंदिर परिसर से 70 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस क्षेत्र में श्रद्धालु मोबाइल से रील, वीडियो या फोटो नहीं बना सकेंगे।
यह फैसला धामों की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के समीप वीडियो और रील बनाने में व्यस्त हो जाते थे, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित होती थी और भीड़ प्रबंधन में कठिनाई होती थी।
बद्रीनाथ‑केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए मंदिर समिति प्रशासन के साथ समन्वय कर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से श्रद्धालुओं को शांत, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में दर्शन का अवसर मिलेगा। प्रशासन जल्द ही मंदिर परिसर में प्रतिबंधित क्षेत्र को स्पष्ट रूप से चिन्हित करेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
