रांची : रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। प्रेम-प्रसंग के शक में 25 वर्षीय युवक हरिहर महतो की नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारों की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि युवक का सिर धड़ से अलग था और प्राइवेट पार्ट भी काट दिया गया था. रविवार को पुलिस ने कांची नदी के किनारे एडरमहातु–मार्चाडीह गांव के सामने से हरिहर महतो का सड़ा-गला और वीभत्स हालत में शव बरामद किया। शव देखते ही पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल है।
25 जनवरी से था लापता……..
मृतक हरिहर महतो 25 जनवरी 2026 से लापता था। परिजनों के मुताबिक, हरिहर का गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध चल रहा था। 31 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे वह घर से यह कहकर निकला कि “मिलने जा रहा हूं”, लेकिन इसके बाद कभी वापस नहीं लौटा. रात भर इंतजार के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, आसपास के गांवों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की गई, लेकिन हरिहर का कोई सुराग नहीं मिला।
3 फरवरी को दर्ज हुई गुमशुदगी……..
आखिरकार 3 फरवरी 2026 को सोनाहातू थाना में युवक के लापता होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच के दौरान कांची नदी किनारे से शव बरामद हुआ। पहचान होते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पत्नी और एक माह का मासूम बेटा……
परिजनों ने बताया कि हरिहर की दो साल पहले शादी हुई थी और उसका सिर्फ एक माह का बेटा है। युवक की निर्मम हत्या ने पत्नी और परिवार को तोड़कर रख दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
पति-पत्नी हिरासत में…….
सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि “मामला बेहद गंभीर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल एक पति-पत्नी को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।” पुलिस प्रेम संबंध, आपसी रंजिश और साजिश के सभी एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा होने की बात कही जा रही है।
