जमशेदपुर : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय युवा इकाई में जमशेदपुर के युवा समाजसेवी सन्नी संघी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया है। सम्मेलन की ओर से उन्हें औपचारिक मनोनयन-पत्र जारी किया गया है। समाजहित में सक्रियता, संगठन क्षमता, अनुभव और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष नन्दलाल अग्रवाल के निर्देशन में युवा शक्ति को संगठित एवं सशक्त बनाने तथा संगठन की गतिविधियों को देशभर में मजबूत करने में सन्नी संघी की सक्रिय भूमिका की अपेक्षा जताई गई है।

छह वर्षों तक रहे अग्रवाल युवा मंच के महामंत्री…..
सन्नी संघी अग्रवाल युवा मंच, जमशेदपुर के महामंत्री के रूप में लगातार छह वर्षों तक सक्रिय रहे। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार, सामाजिक गतिविधियों और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। संगठन क्षमता और समर्पण के कारण उन्होंने समाज में अपनी अलग पहचान बनाई। वे पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहने वाले सन्नी संघी भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े हुए हैं और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में उठाएंगे आवाज…..
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर सन्नी संघी ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने, युवाओं को समाजहित के कार्यों से जोड़ने तथा अग्रवाल समाज की युवा शक्ति को एकजुट एवं सशक्त बनाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने झारखंड में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि छात्र राज्य के भविष्य हैं। उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। सरकार को संवेदनशीलता के साथ छात्र हित में उचित समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा एवं छात्र हित से जुड़े विषयों को उचित मंच पर मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
सन्नी संघी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता है। जरूरत है कि इस ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ा जाए। राष्ट्रीय युवा इकाई के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को समझने और समाज के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा. उन्होंने मनोनयन के लिए अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष नन्दलाल अग्रवाल के प्रति आभार जताया। साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया, झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष संदीप मुरारका एवं झारखंड प्रांतीय महामंत्री अभिषेक अग्रवाल के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।
