जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में गुरुवार को आपसी विवाद में एक युवक पर भुजाली से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना अफाक आलम अंसारी और वकील नामक युवक के बीच हुई कहासुनी के बाद हुई। दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। अफाक के भाई के अनुसार, अफाक अपनी मां के साथ नानी घर में मुंशी मोहल्ला में ही रहता है। गुरुवार को वह चाय पीकर घर से बाहर निकला था, तभी वकील वहां पहुंचा और उससे बहस करने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि वकील ने भुजाली से अफाक के गले और शरीर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घरवालों ने आनन-फानन में घायल अफाक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल मामले की सूचना मानगो थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
