जमशेदपुर: ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन (AIDSO) पूर्वी सिंहभूम जिला एक्टिविस्ट्स की बैठक प्रदेश अध्यक्ष समर महतो की उपस्थिति में मानगो स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और जिले में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 से 31 मार्च तक शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर सप्ताह भर विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और मोहल्लों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और छात्रों को शहीदों के विचारों से अवगत कराया जाएगा।
जिला सचिव शुभम कुमार झा ने कहा कि जिले की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, छात्रवृत्ति की समस्या, अपग्रेडेड +2 स्कूलों में शिक्षक बहाली की मांग तथा छात्राओं की सुरक्षा की गारंटी जैसे मुद्दों को लेकर संगठन आंदोलन तेज करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कृति और मानवता बचाओ अभियान को मजबूती देने के लिए जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और छात्रों को संगठित किया जाएगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुबोध महाली, उपाध्यक्ष सुजीत जाना, बबीता सोरेन, सचिव शुभम झा, कोषाध्यक्ष सबिता सोरेन, प्रेम, रीमा मुंडा, खुदीराम, राजेश, अपूर्व सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए एक्टिविस्ट साथी उपस्थित थे।
