जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने मानगो मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के समर्थन में बागान शाही क्षेत्र में व्यापक पदयात्रा निकाली। इस दौरान क्रॉस रोड नंबर 1, 3, 4, 5, 6, 7 और 9 में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर लोगों से वोट देने की अपील की गई।
पदयात्रा के दौरान अंसार खान ने बताया कि बागान शाही क्षेत्र की आवाम ने बन्ना गुप्ता को समर्थन देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बनी सड़कें, हर गली में लगी स्ट्रीट लाइट, फ्लाईओवर, डिमना रोड स्थित अस्पताल और साकची में तैयार 700 बेड का अस्पताल—ये सभी विकास कार्य बन्ना गुप्ता की देन हैं।
जनसंपर्क के दौरान अंसार खान ने बस्तीवासियों से अपील करते हुए कहा कि 23 तारीख को अपने-अपने घरों से निकलकर गुलाबी मतपत्र पर निशान कारपेट, क्रमांक 11 पर मतदान करें और सुधा गुप्ता को विजयी बनाएं। “उनकी कामयाबी ही आपकी कामयाबी होगी,” उन्होंने कहा। इस पदयात्रा का नेतृत्व शेर अली उर्फ शेरू, मोहम्मद नवाब, मोहम्मद शाहिद, शमशेर और नेपाली भाई ने किया। मानगो क्षेत्र से बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक इसमें शामिल हुए।
चुनावी माहौल के बीच बागान शाही में निकली इस पदयात्रा ने क्षेत्र की सियासत को और गर्म कर दिया है।
