जमशेदपुर : शहर के बिस्टुपुर में मंगलवार, 8 अप्रैल 2026 को सभी लाइसेंसी शराब विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में शराब विक्रेताओं के एक सशक्त संगठन का गठन करना तथा सरकार द्वारा बिक्री लक्ष्य में 10 प्रतिशत वृद्धि किए जाने से उत्पन्न चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना था।


बैठक में मौजूद सभी विक्रेताओं ने एक स्वर में कहा कि शहर में बाहरी स्रोतों से आने वाली और नकली शराब का कारोबार उनके लिए सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरा है। इससे न केवल वैध कारोबार प्रभावित हो रहा है, बल्कि राजस्व और उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। विक्रेताओं ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वे एकजुट होकर शहर में नकली और बाहरी शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।
इसके साथ ही यह भी तय किया गया कि आगामी बैठक में लाइसेंसी शराब विक्रेताओं के संगठन का औपचारिक गठन कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में सामूहिक रूप से समस्याओं का समाधान किया जा सके और प्रशासन के समक्ष अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी जा सके।
