जमशेदपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में साकची नगर अंतर्गत भव्य सकल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सनातनी हिंदुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामाजिक समरसता और एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया। विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही, जिससे महिला सशक्तिकरण का स्पष्ट संदेश देखने को मिला।
मुख्य वक्ता जमशेदपुर विभाग प्रचारक सत्य प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म की रक्षा में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने समाज को सतर्क रहने और बहनों-बेटियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही महिला सशक्तिकरण को समय की मांग बताते हुए जागरूक समाज निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अचिंतम गुप्ता ने बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से इसे रोकने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा सामाजिक और धार्मिक उत्थान की राह में बाधा है। साथ ही जात-पात से ऊपर उठकर हिंदू समाज को एकजुट होने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि भारत में जन्म लेने मात्र से हम हिंदू हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में सतर्क, सशक्त और जागरूक हिंदू बनने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू जागेगा तो देश जागेगा, और यदि वह प्रांत, भाषा, जाति और गोत्र के नाम पर बंटेगा तो देश भी बंट जाएगा।
इस अवसर पर सम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक रामबाबू तिवारी, कोषाध्यक्ष बलबीर मंडल, नगर संघचालक रवींद्र, बस्ती प्रमुख जगदेव, पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू, विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, नगर कार्यवाह अमित, नगर संपर्क प्रमुख शुभम् सहित सैकड़ों की संख्या में सनातनी हिंदू उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
