जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित उत्कल समाज विद्यालय प्रांगण में उत्कल गौरव, स्वतंत्र ओड़िशा के निर्माता मधुसूदन दास जी की 92वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्थापित मधु बाबू की प्रतिमूर्ति पर शिक्षकों एवं छात्रों ने माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मधुसूदन दास जी के जीवन, संघर्ष और योगदान से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मधु बाबू ने स्वतंत्र ओड़िशा प्रदेश के गठन, ओड़िया भाषा की पहचान और ओड़िया जाति के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके त्याग और बलिदान ने ओड़िशा के सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक इतिहास को नई दिशा दी।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों से मधुसूदन दास जी के आदर्शों को अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने उनके योगदान को नमन किया।
