जमशेदपुर। राष्ट्रपति के आदेश के बाद टाटा स्टील और टाटा मोटर्स में जल्द ही महिला कर्मचारी रात्रि पाली में काम करते हुए नजर आएंगी। टाटा स्टील में लगभग 2000 जबकि टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में 1000 से अधिक महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। राष्ट्रपति द्वारा दिए गए आदेश के तहत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके संरक्षा की पूरी जिम्मेदारी संबधित कंपनी प्रबंधन की होगी। साथ ही जिन महिला कर्मचारियों से नाइट शिफ्ट ड्यूटी में काम कराया जाएगा, उनकी सहमति भी अनिवार्य है।

बिना महिला कर्मचारियों की सहमति के उन्हें रात्रि पाली में काम नहीं कराया जा सकता है। टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा सभी महिला कर्मचारियों से इसके लिए सहमति ली जा रही है। वर्तमान में टाटा स्टील के अलग-अलग लोकेशन में महिला कर्मचारियों से एक शिफ्ट (सुबह छह से दोपहर दो बजे तक), जनरल शिफ्ट (सुबह आठ से शाम पांच बजे तक) और बी शिफ्ट (दोपहर दो से रात 10 बजे तक) ड्यूटी कराई जा रही है।
टाटा मोटर्स में दुर्गा लाइन में महिला कर्मचारी हैं कार्यरत
टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में दुर्गा लाइन संचालित हैं, जो पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा ही संचालित है। इस लाइन में महिला कर्मचारी ए शिफ्ट में (सुबह छह से दोपहर दो बजे तक) और जनरल शिफ्ट (सुबह आठ से दोपहर शाम पांच बजे तक) कार्यरत हैं। कंपनी में अब तक बी शिफ्ट ड्यूटी में महिला कर्मचारियों से काम नहीं लिया जा रहा है।
