जमशेदपुर : लौहनगरी के प्रतिष्ठित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के मुख्य द्वार पर आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया।



क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में प्रवेश करने को लेकर मरीजों के परिजनों और गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि टीएमएच के सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि मारपीट भी की। हंगामे के कारण अस्पताल के मुख्य गेट पर काफी देर तक आवाजाही बाधित रही और वहां मौजूद अन्य मरीजों व परिजनों में भी डर का माहौल देखा गया।
पीडितों का आरोप
परिजनों का कहना है कि वे अपने मरीज से मिलने या जरूरी काम से अंदर जाना चाह रहे थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ र्दुव्यवहार किया। लोगों का आरोप है कि टीएमएच मैनेजमेंट के सुरक्षा गार्ड्स अक्सर आम जनता और तीमारदारों के साथ छोटी-छोटी बातों पर उलझ जाते हैं और तानाशाही रवैया अपनाते हैं।
पुलिस की दखल
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



