जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) जमशेदपुर नगर कमिटी की ओर से संगठन का 72वां स्थापना दिवस जमशेदपुर स्थित जिला कार्यालय में मर्यादापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मंडली सदस्य सह जमशेदपुर नगर अध्यक्ष सबिता सोरेन ने संगठन का ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मौके पर संबोधित करते हुए सबिता सोरेन ने कहा कि एआईडीएसओ का स्थापना दिवस आज देश के हर राज्य में छोटे-बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। संगठन अपने स्थापना काल से ही जनवादी, धर्मनिरपेक्ष और वैज्ञानिक शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर छात्रों को संगठित करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड ही नहीं बल्कि देश के सभी राज्यों में एआईडीएसओ छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलनों का नेतृत्व कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यह लड़ाई सिर्फ शिक्षा को बचाने की नहीं, बल्कि सभ्यता और इंसानियत को बचाने की लड़ाई है। जिस तरह से आज शिक्षा, संस्कृति और मानवता पर लगातार हमले हो रहे हैं, उसके खिलाफ छात्र-नौजवानों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर नगर कमिटी ने की, जबकि सभा का संचालन नगर सचिव खुदीराम हंसदा ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष झरना कुमारी महतो, प्रेमचंद, राजेश, स्नेहा रॉय, रोहित महतो, महादेव माझी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
