जमशेदपुर : धार्मिक कार्यक्रम के दौरान बनाए गए कथित छेड़छाड़ किए गए वीडियो को सोशल मीडिया और न्यूज़ चैनल पर प्रसारित कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने तथा स्थानीय थाना प्रभारी को बदनाम करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में हिल व्यू सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष श्याम सिंह ने वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को लिखित शिकायत सौंपी है।


शिकायत में बताया गया है कि 30 सितंबर 2025 को समिति द्वारा एक धार्मिक भजन संध्या एवं भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें स्थानीय थाना प्रभारी सचिन कुमार दास को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न हुआ।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कुछ अज्ञात लोगों द्वारा वीडियो बनाया गया, जिसे बाद में छेड़छाड़ कर गलत तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इतना ही नहीं, उक्त भ्रामक वीडियो को ‘शार्प भारत न्यूज़’ चैनल द्वारा भी पिछले दो दिनों से समाचार के रूप में चलाया जा रहा है, जबकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वीडियो किसने बनाया और किसके द्वारा चैनल को उपलब्ध कराया गया।
समिति अध्यक्ष श्याम सिंह ने आरोप लगाया कि इस तरह के गलत और भ्रामक वीडियो प्रसारण से न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँची है, बल्कि समिति की छवि धूमिल करने तथा दुर्गा पूजा समिति एवं हिंदू समाज को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने एसपी से मांग की है कि…..
- छेड़छाड़ कर वीडियो बनाने वालों की पहचान की जाए।
- सोशल मीडिया व न्यूज़ चैनल पर गलत खबर चलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएँ।
- समिति को पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
इस मामले ने स्थानीय स्तर पर धार्मिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में रोष पैदा कर दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
