जमशेदपुर : जमशेदपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम (MGM Hospital) के नाम पर एक फर्जी वेबसाइट के ज़रिये मरीजों से ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। ओपीडी बुकिंग के नाम पर मरीजों से 100 से 150 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
गूगल सर्च से फर्जी वेबसाइट तक…….
जानकारी के अनुसार, जब मरीज गूगल पर “MGM Hospital OPD Booking” सर्च करते हैं, तो उन्हें एक हेल्थ प्लेटफॉर्म से जुड़ी वेबसाइट का लिंक दिखाई देता है। इस वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं और भुगतान के बाद एक ओटीपी भी आता है।
96 डॉक्टर और 7 विशेषज्ञों के नाम का दुरुपयोग…….
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस फर्जी वेबसाइट पर 96 डॉक्टरों और 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों के नाम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट दिखाया जा रहा है, जबकि—
कई डॉक्टर सेवानिवृत्त हो चुके हैं
कुछ का स्थानांतरण वर्षों पहले हो चुका है
कुछ चिकित्सकों का तो निधन भी हो चुका है
डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन को इस वेबसाइट की कोई जानकारी नहीं है।
अस्पताल प्रशासन ने झाड़ा पल्ला……
एमजीएम अस्पताल प्रबंधन ने साफ किया है कि अस्पताल की कोई निजी वेबसाइट नहीं है, न ही किसी निजी एजेंसी को ऑनलाइन अपॉइंटमेंट या पैसे लेने की अनुमति दी गई है। यह पूरी तरह से फर्जी और अवैध गतिविधि है।
अधीक्षक से की जाएगी लिखित शिकायत….
डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला सिर्फ नाम के दुरुपयोग का नहीं, बल्कि मरीजों के भरोसे और सरकारी अस्पताल की साख के साथ गंभीर खिलवाड़ है। छुट्टी पर गए अधीक्षक के लौटते ही पूरे मामले की लिखित शिकायत की जाएगी।
प्राचार्य ने कहा—मामला गंभीर…..
एमजीएम के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने कहा कि
“ओपीडी पर्ची के लिए मरीज सीधे अस्पताल के काउंटर पर ही संपर्क करें। यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच कराई जाएगी।”
