जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह थाना क्षेत्र से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। 31 वर्षीय प्रियंका की मौत को पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताया है, लेकिन मायके पक्ष इसे साजिशन हत्या करार दे रहा है। मामला दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और लगातार प्रताड़ना से जुड़ा बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका पहले विजया गार्डन स्थित ससुराल में रहती थी। यहां पति प्रशांत कुमार और ससुराल पक्ष के साथ उसके रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पति टिस्को में कार्यरत है और पति-पत्नी के बीच अक्सर मारपीट होती थी। दहेज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मायका और ससुराल पक्ष के बीच समझौता कराना पड़ा। इसके बाद दोनों को बारीडीह स्थित क्वार्टर में शिफ्ट कराया गया, जहां प्रियंका अपने बच्चे के साथ रहने लगी।
गुरुवार दोपहर की खौफनाक घटना……
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बारीडीह क्वार्टर में प्रियंका की मौत हो गई। उस वक्त पति ड्यूटी पर बताया जा रहा है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर सिर्फ इतना बताया कि प्रियंका की मौत हो गई है। मायका पक्ष का कहना है कि सूचना मिलने के बावजूद पति ने तुरंत काम छोड़कर आने की कोशिश तक नहीं की, जिससे संदेह और गहरा गया।
धमकी, प्रताड़ना और दूसरी शादी की बात…….
मायके पक्ष का गंभीर आरोप है कि प्रियंका को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। यहां तक कि देवर अमन कुमार, जो ऑस्ट्रेलिया में रहता था, वहां से भी धमकियां देता था। पति द्वारा दूसरी शादी की धमकी देने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अमन कुमार दो दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से लौटा था, और उसके तुरंत बाद यह घटना घट गई।
आत्महत्या नहीं, हत्या का आरोप…….
मायके वालों का साफ कहना है कि प्रियंका मजबूत इरादों वाली महिला थी, वह आत्महत्या कर ही नहीं सकती। उनके अनुसार यह मामला साजिशन हत्या का है। घटना के बाद पुलिस ने देवर अमन कुमार को हिरासत में लेकर सिदगोड़ा थाना में पूछताछ की। थाने में देवर को देखते ही मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए।
प्रियंका के मायके वालों को घटना की जानकारी कदमां क्षेत्र में दी गई, जिसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सबसे बड़ा सवाल……
❓ क्या यह सच में आत्महत्या है या दहेज और हिंसा की आग में झुलसाई गई एक और बेटी की हत्या?
❓ क्या पुलिस की शुरुआती थ्योरी सही है या सच कुछ और है?
❓ क्या प्रियंका को इंसाफ मिलेगा?
फिलहाल मामला पूरे शहर में आक्रोश और सवालों का तूफान खड़ा कर चुका है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
यह सिर्फ एक मौत नहीं… यह सिस्टम, समाज और रिश्तों पर एक बड़ा सवाल है।
