लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थाना से महज 15 कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना कॉम्प्लेक्स मैदान के पास की बताई जा रही है, जहां फल कारोबारी कन्हैया यादव को निशाना बनाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पहुंचे बाइक सवार अपराधियों ने कन्हैया यादव पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कन्हैया यादव को दो गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब थाना इतनी नजदीक है, तो अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे? दिनदहाड़े फायरिंग की इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है. फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
👉 अपडेट जारी है…
