जमशेदपुर : औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया से चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिरामिक्स इंडिया कंपनी के ऑटो से कीमती माल चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। कंपनी के मालिक श्री सिन्हा ने इस संबंध में गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 19 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे, ऑटो संख्या JH05DE-2818 से लगभग 1 लाख रुपये मूल्य का टीन चोरी हो गया। ऑटो में कुल दो बैग (प्रत्येक 25 किलो) लदे थे, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। इनमें से एक बैग यानी करीब 1 लाख रुपये का माल गायब हो गया।
बताया जा रहा है कि हमेशा की तरह कंपनी का माल प्राइवेट ड्राइवर बालेंदु कुमार ऑटो से लेकर जा रहा था। ड्राइवर के अनुसार, वह शाम करीब 6:45 बजे गम्हरिया थाना मोड़ के पास ऑटो खड़ा कर चाय पीने चला गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए ऑटो से 25 किलो का एक टीन चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिरामिक्स इंडिया कंपनी के मालिक ने तत्काल गम्हरिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
