जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के हयात नगर मार्ग पर ब्लिंकिट कंपनी में कार्यरत डिलीवरी बॉय के साथ छिनतई और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मानगो परमानंद नगर निवासी विशाल गोप पर चार युवकों ने मोबाइल और नकदी लूटने के इरादे से हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने चापड़ से विशाल पर जानलेवा हमला किया, जिससे वह अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भागने को मजबूर हो गया।

पीड़ित विशाल गोप ब्लिंकिट में सप्लाई बॉय के रूप में कार्यरत हैं। वे ऑर्डर डिलीवरी के बाद हयात नगर होते हुए ब्लिंकिट स्टोर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और जबरन मोबाइल व पैसे छीनने लगे। विशाल द्वारा विरोध किए जाने पर एक आरोपी मोहम्मद इस्लाम ने चापड़ से उस पर हमला कर दिया।
हमले से बचने के लिए विशाल ने अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ दी और जान बचाकर मौके से भाग गया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विशाल के परिजन एवं उसके साथ काम करने वाले साथी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह के साथ उलीडीह थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल बरामद की गई और एक आरोपी को पकड़कर थाना लाया गया।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी पुलिस को देखते ही फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद विशाल गोप और उसका पूरा परिवार दहशत में है। पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
