सरायकेला-खरसावां : जिले के कपाली ओपी अंतर्गत पुड़िसिली गांव में एक बार फिर जमीन विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में नीमडीह प्रखंड स्थानीय निवासी बिजली सिंह ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि संबंधित जमीन में उनका भी वैधानिक हिस्सा है, लेकिन उन्हें उनका अधिकार नहीं दिया जा रहा है।
बिजली सिंह का कहना है कि विवादित भूमि खाता संख्या 166, प्लॉट संख्या 352 में उनका पारिवारिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि उक्त जमीन में उनके दादा का नाम दर्ज है तथा अन्य हिस्सों में भी उसी पिता का नाम अंकित है, जिससे उनका दावा और मजबूत होता है। उनका यह भी कहना है कि महिला होने के कारण उनके अधिकारों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि सरकारी नियमों के अनुसार महिलाओं को भी भूमि पर समान अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन के कार्य को रुकवाने के नाम पर उनसे पैसों की मांग की गई। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बिजली सिंह ने यह भी कहा कि अनुमंडल और थाना में आवेदन देने के बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण कार्य जारी रहा, जिससे विवाद और गहरा गया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अजीत सिंह के पुत्र गौर सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें थाना की ओर से घर निर्माण को लेकर किसी प्रकार की रोक या नोटिस नहीं मिला है। जब उनसे जमीन में हिस्सेदारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन की बात कही। बिजली सिंह ने ग्राम मुखिया पर भी वंशावली से संबंधित सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया है, हालांकि इस विषय में भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले में कपाली ओपी प्रभारी से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी। स्थानीय समाजसेवियों का कहना है कि इस तरह के भूमि विवाद से गांव में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर उचित समाधान निकालने की मांग की है।
फिलहाल मामला जांच और दस्तावेजी सत्यापन का बताया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
