जमशेदपुर : पोटका के सरमदा खदान में 11 नवंबर को दोपहर बाद 3:30 बजे एक हादसा हो गया था। इस हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई थी। इस मामले में गुरुवार को पोटका पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। थाने में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। मामले में पत्थर खदान के मालिक, मुंशी, हाइवा ट्रक मालिक और हाइवा चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि पत्थर खदान से पत्थर लोड करने के बाद ट्रक जेएच 05 यू 6288 ऊपर चढ़ रहा था। ट्रक पर दो मजदूर शुभोजित गोप और टुकलू सरदार सवार थे। अचानक हाइवा का ब्रेक फेल हो गया और हाइवा ढलान से तेजी से पीछे आने लगा। तभी यह दोनों मजदूर हाइवा से कूद गए। इन पर हाइवा पलट गया। दोनों मजदूर हाइवा में दब गए और उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस ने मृतक के परिजन पोटका थाना क्षेत्र के रूलाडीह गांव के रहने वाले सुखू सरदार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की है। सरमदा में सुजीत कुमार मंडल को लगभग 3 एकड़ भूमि पर पत्थर खनन का लीज मिला है। यह घटना इन्हीं के खनन क्षेत्र में हुई है।
