जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के नीलडीह खड़कई रोड के पास जंगल में 4 जनवरी की शाम जुगसलाई निवासी सोहेल अहमद उर्फ सोहेल अली की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड विनीत अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस ने घटनास्थल से चाकू, फरसा, धारदार हथियार, खून लगे कपड़े बरामद किए गए हैं।

मोबाइल चोरी से शुरू हुआ था विवाद…..
सिटी एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और अक्सर साथ में नशीले पदार्थों का सेवन करते थे। कुछ दिन पहले सोहेल का मोबाइल फोन चोरी हो गया था, जिसका शक उसने आरोपियों पर किया।
इसको लेकर जुगसलाई क्षेत्र में पहले भी मारपीट हुई थी। बाद में मोबाइल लौटाने की मांग को लेकर गाली-गलौज और धमकी दी गई। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश का बदला लेने के इरादे से आरोपियों ने सोहेल को खड़कई रोड के जंगल में बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास…..
गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर जोन-6 निवासी ऋषि दलई (पिता–सचिन दलई) का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ बिष्टुपुर और गोलमुरी थानों में चोरी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं। अन्य दो आरोपी जसबीर सिंह उर्फ जस्सू और लवप्रीत सिंह गिल भी बिरसानगर के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चाइनीज चापड़, धारदार दाब, फरसा, खून लगे जींस और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
विशेष टीम की त्वरित कार्रवाई……
पूर्वी सिंहभूम एसएसपी के निर्देश पर एसपी (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तेज़ी से जांच करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में टेल्को थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
