लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : भले ही नगर निकाय चुनाव काग़ज़ों में गैर-दलीय बताए जा रहे हों, लेकिन ज़मीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। पर्दे के पीछे राजनीतिक दल पूरी ताक़त झोंक चुके हैं। हर प्रत्याशी को पार्टी की कसौटी पर तौला जा रहा है और वोटों को बिखरने से रोकने के लिए खुलेआम राजनीतिक मोर्चेबंदी शुरू हो चुकी है।
इसी सियासी गणित के तहत भारतीय जनता पार्टी ने मानगो नगर निगम चुनाव में बड़ा दांव खेलते हुए मेयर पद के लिए अपने नए चेहरे पर मुहर लगा दी है। भाजपा नेता नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह को पार्टी का आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा कर दी गई है।
यह फैसला सिर्फ़ समर्थन भर नहीं, बल्कि विपक्ष और अंदरूनी असंतोष दोनों को सीधा संदेश माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का साफ़ इशारा है—अब मैदान में भ्रम की नहीं, निर्णायक लड़ाई की तैयारी है।
राजनीतिक गलियारों में इस ऐलान के बाद हलचल तेज़ हो गई है। समर्थक उत्साहित हैं, विरोधी खेमे में बेचैनी है और मानगो की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह दांव भाजपा को सत्ता के शिखर तक पहुंचाता है या सियासी संग्राम और तेज़ होता है।
