नोवामुंडी : नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र के जेटेया थाना अंतर्गत मंगलवार देर रात जंगली हाथी ने ऐसा खूनी तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहल उठा। हाथी ने बवाडिया गांव के पांच ग्रामीणों और बड़ापासेया गांव के एक व्यक्ति को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि बवाडिया गांव में मारे गए चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जिससे गांव में कोहराम मच गया है। हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
4 अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल…..
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस भयावह घटना में चार अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोते समय किया हमला…..
वनरक्षी अमित महतो, जेटेया ग्राम पंचायत के मुखिया संजीत तिरिया एवं पंचायत समिति सदस्य दीपा गोप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात जंगली हाथी अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया और सो रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
गांवों में दहशत, लोग घर छोड़ने को मजबूर….
हाथी के आतंक से आसपास के गांवों में भारी दहशत है। लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।
वन विभाग से बड़ी मांग……
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जल्द पकड़ने या सुरक्षित जंगल क्षेत्र में खदेड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।
