जमशेदपुर : झारखंड चंद्रवंशी सभा, जमशेदपुर की ओर से सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल ऑडिटोरियम में चंद्रवंशी एकता सह वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकता, संस्कृति और संगठनात्मक मजबूती का अद्भुत नजारा देखने को मिला।


इस अवसर पर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जमशेदपुर साइबर क्राइम (बिष्टुपुर) थाना प्रभारी राजन कुमार, शिवम कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर वीरेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं बिहार से आए मुख्य अतिथि विद्यापति चंद्रवंशी, रवि वात्सायन, सुबोध कुमार एवं पिंटू कुमार चंद्रवंशी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जमशेदपुर चंद्रवंशी समाज के कार्यकारिणी, आजीवन सदस्यों एवं समाजसेवियों ने तन, मन और धन से भरपूर सहयोग किया। समारोह में समाज की ओर से सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया. आर्थिक रूप से सहयोग करने वाले समाज के सदस्यों को अंगवस्त्र एवं जरासंध का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
समाज के प्रधान सचिव राजकुमार चंद्रवंशी, अध्यक्ष संतोष चंद्रवंशी एवं संगठन मंत्री आनंद प्रसाद ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्रेस- मीडिया एवं समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे झारखंड के चंद्रवंशी परिवार को एक बैनर तले जोड़ने के उद्देश्य से चंद्रवंशी एकता रथ वर्ष 2025 में पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर में निकाला गया था। आगे यह रथ पूरे झारखंड में भ्रमण कर समाज को जोड़ने का कार्य करेगा।

कार्यक्रम में शिवपूजन सिंह, सुरेंद्र सिंह, अजीत सिंह, अशोक सिंह, शंकर सिंह, राजेश वर्मा, सुनील सिंह, राम नारायण सिंह, आयुष कुमार सहित हजारों की संख्या में चंद्रवंशी समाज के लोग उपस्थित रहे।
समारोह ने समाज में एकता, संगठन और सांस्कृतिक गौरव का मजबूत संदेश दिया।
