खुशियों से भरा मेला… हँसते-मुस्कराते बच्चे… और घर लौटते वक्त एक पल में सब कुछ उजड़ गया।
जमशेदपुर | एमजीएम थाना क्षेत्र के देवघर के पास एनएच पर गुरुवार देर रात हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्ची विनिता मुंडिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं और बच्चे बने।
बताया जा रहा है कि तुरियाबेडा गांव के रहने वाले लोग सिमुलडांगा में आयोजित टुसू मेला देखकर एक 407 वाहन (बीआर-16जी-9151) से घर लौट रहे थे। वाहन में 30 से अधिक लोग ठूंसे गए थे, जबकि इसकी क्षमता महज 20 लोगों की थी। तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारियां उछलकर सड़क पर जा गिरीं।
मासूम की चीखें… और हमेशा के लिए खामोशी……
हादसे में 6 साल की विनिता मुंडिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसकी मां सीता मुंडिया, पिता लखन मुंदिया समेत कई परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर खून, रोते-बिलखते बच्चे और मदद के लिए चीखती महिलाएं—मंजर ऐसा था जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
पीछे से आई पार्सल वैन ने बढ़ाई तबाही….
हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक पार्सल वैन (जेएच-05बीएच-0939) ने 407 वाहन में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हालात और भयावह हो गए। घायलों की संख्या तेजी से बढ़ गई।
अस्पताल में अफरा-तफरी, एक बेड पर दो-दो मरीज……
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को अलग-अलग वाहनों से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में हाहाकार मच गया। हालात ऐसे थे कि एक ही बेड पर दो-दो घायलों का इलाज करना पड़ा। कई बच्चों का इलाज उनके परिजनों की गोद में ही किया गया।
घायलों में सितम बोदरा (9), सुनील मुंडिया (17), सीता मुंदिया (26), वीरेंद्र मुंदिया (8), राजेश हेंब्रम (11), रानी (11), खुशी हेंब्रम (20), दयाल सिंह (19) सहित कई लोग शामिल हैं। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लापरवाही की कीमत : मासूम की जान
हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है—
ओवरलोडिंग की अनुमति क्यों?
तेज रफ्तार पर नियंत्रण क्यों नहीं?
नियमों की अनदेखी का खामियाजा हर बार गरीब परिवार क्यों भुगतते हैं?
हादसे के बाद पार्सल वैन का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि 407 वाहन का चालक राजेश इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद वहां से भी फरार हो गया।
एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
👉 एक छोटी सी बच्ची की मौत ने पूरे गांव की खुशियां छीन लीं।
👉 सवाल वही है—क्या ऐसे हादसों से कभी सबक लिया जाएगा?
