जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अंसार खान की पहल पर जवाहर नगर रोड नंबर 13 बी में लंबे समय से जाम पड़े नाले की मानगो नगर निगम द्वारा सफाई कराई गई। नाले की स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि उसका गंदा पानी आसपास के घरों में घुस रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अंसार खान ने बताया कि बस्तीवासियों की शिकायत पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए मानगो नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नाले की सफाई कराई गई। सफाई के बाद इलाके में फैली गंदगी और जलजमाव से लोगों को राहत मिली है।

नाले की सफाई होने के बाद बस्तीवासियों ने राहत की सांस ली और अंसार खान के प्रति आभार जताया। मौके पर अंसार खान ने लोगों को आश्वस्त किया कि नाले के निर्माण का कार्य भी मानगो नगर निगम द्वारा जल्द से जल्द कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद उनकी समस्या पर ध्यान दिया गया है, जिससे क्षेत्र में रहने वालों में खुशी का माहौल है।
