जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा निर्देश जारी किया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के आदेशानुसार जुगसलाई, मानगो और चाकुलिया नगर निकाय क्षेत्रों में 21 फरवरी की शाम 5 बजे से 24 फरवरी की सुबह 7 बजे तक ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है। निर्देश के अनुसार उक्त अवधि के दौरान संबंधित क्षेत्रों में देशी-विदेशी शराब की बिक्री, परोसने एवं भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारियों को आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।
