जमशेदपुर : सोशल मीडिया पर कथित रूप से एडिटेड ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले में भाजपा नेता हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने कड़ी आपत्ति जताते हुए साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र के तहत भ्रामक सामग्री वायरल की जा रही है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
चिंटू सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर “कुमकुम श्रीवास्तव फैन पेज” तथा फेसबुक पर “मानगो लाइव” नामक पेजों के माध्यम से उनके चुनावी कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि आचार संहिता लागू होने के बाद इस प्रकार की गतिविधियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा प्रहार हैं।
भाजपा नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे इस तरह की दुर्भावनापूर्ण राजनीति से भयभीत होने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि साजिश में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किए जा रहे फर्जी और एडिटेड कंटेंट को तत्काल हटवाया जाए तथा चुनावी वातावरण को दूषित करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएं। अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रामक वीडियो के झांसे में न आएं तथा सत्यापित तथ्यों पर ही विश्वास करें।
