जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में एटीएम फ्रॉड का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक एटीएम से कार्ड बदलकर 76 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर गोलमुरी थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
इस ठगी के शिकार बने जयशंकर कुमार, जो बिरसानगर थाना क्षेत्र के रामकृष्णा अपार्टमेंट के निवासी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे से साढ़े 8 बजे के बीच की है। जयशंकर कुमार एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे, लेकिन मशीन से पैसे नहीं निकल रहे थे।
इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक युवक ने खुद को मददगार बताते हुए उनसे बातचीत शुरू की। उसने मशीन में तकनीकी खराबी होने की बात कहकर जयशंकर से उनका एटीएम कार्ड और पिन नंबर पूछ लिया। भरोसा कर जयशंकर ने पिन बता दिया, जिसका फायदा उठाते हुए युवक ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और किसी दूसरे कार्ड को उनका बताकर थमा दिया।
कुछ ही देर बाद जयशंकर कुमार के मोबाइल पर 76 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आया, जिसे देख उनके होश उड़ गए। तत्काल वे बैंक पहुंचे और खाते को सुरक्षित कराया। इसके बाद बैंक से जानकारी लेकर उन्होंने गोलमुरी थाना में अज्ञात ठग के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
गोलमुरी पुलिस ने बताया कि एचडीएफसी एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
