देहरादून/जमशेदपुर : शहर के कुख्यात विक्रम शर्मा की शुक्रवार सुबह देहरादून में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सुबह करीब 10 से 10:15 बजे के बीच राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम के बाहर हुई। जैसे ही विक्रम शर्मा जिम से वर्कआउट कर बाहर निकला और सीढ़ियां उतरने लगा, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
विक्रम को तीन गोलियां लगीं। सिर में गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग के बाद हमलावर मॉल से बाहर भाग निकले, जहां उनका एक साथी बाइक लेकर पहले से इंतजार कर रहा था। तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुए हमलावर, जमशेदपुर कनेक्शन की पड़ताल
पुलिस के हाथ मॉल का सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें तीनों हमलावर नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर जमशेदपुर से फ्लाइट पकड़कर हरिद्वार पहुंचे थे। वहां से बाइक और स्कूटी किराए पर लेकर देहरादून पहुंचे। बताया जा रहा है कि एक ही पहचान पत्र पर दोनों वाहन किराए पर लिए गए थे. हमलावर चार–पांच दिनों से देहरादून में रेकी कर रहे थे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। वारदात के बाद देहरादून पुलिस ने हरिद्वार में भी पूछताछ कर अहम सुराग जुटाए हैं।
संपत्ति और पैसों के लेन-देन का एंगल…..
पुलिस इस हत्याकांड को संपत्ति विवाद और पैसों के लेन-देन से जोड़कर देख रही है। विक्रम शर्मा लंबे समय से ग्रीन व्यू रेजिडेंसी, अमन विहार, रायपुर क्षेत्र में रह रहा था। बताया जाता है कि उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और गैंगवार समेत 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे, हालांकि वह कई मामलों में बरी हो चुका था. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस विक्रम के छोटे भाई अरविंद शर्मा की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही दुमका जेल में बंद उसके दुश्मनों के एंगल पर भी छानबीन जारी है।
देहरादून से जमशेदपुर तक हलचल……
इस सनसनीखेज वारदात के बाद देहरादून पुलिस की टीम जमशेदपुर आने की तैयारी में है, ताकि शहर में हमलावरों के संभावित लिंक खंगाले जा सकें. दिनदहाड़े मॉल के बाहर हुई इस गैंगस्टर की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक शूटरों तक पहुंच पाती है और इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का खुलासा करती है।
