जमशेदपुर/घाटशिला : घाटशिला प्रेस क्लब का चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस चुनाव में पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव परिणाम के अनुसार प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मोहम्मद परवेज को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।
वहीं दैनिक भास्कर के रूपेश दुबे को महासचिव तथा पंकज कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और सभी पदों पर उम्मीदवारों का चयन आपसी सहमति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया गया।
इस अवसर पर घाटशिला अनुमंडल के लगभग 100 पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी रही। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया और सभी पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहम्मद परवेज ने कहा कि प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त व संगठित बनाने के लिए सभी पत्रकारों को साथ लेकर काम किया जाएगा। वहीं महासचिव रूपेश दुबे ने पत्रकार हितों की रक्षा, एकता और निष्पक्ष पत्रकारिता को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने प्रेस क्लब की गरिमा, स्वतंत्र पत्रकारिता और सामाजिक जिम्मेदारी को और मजबूत करने का संकल्प लिया। चुनाव का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
