जमशेदपुर : सुंदरनगर के नीलडुंगरी में स्थित सुशीला ऑटो मोबाइल पेट्रोल पंप पिछले कई माह से विवादों के घेरे में है. जमीन मालिक का कहना है कि पेट्रोल पंप को 5 साल के लिए लीज पर दिया गया था. अब लीज का समय समाप्त हो गया है. वे अब वापस लेना चाहते हैं. अब अपना अलग कारोबार चलाना चाहते हैं. सोमवार को पेट्रोल पंप के सामने लगाया गया घेराबंदी को पुलिस की ओर से हटा दिया गया था, लेकिन बाद में जमीन मालिक की ओर से फिर से बाल-बल्ली लगाकर घेरा कर दिया गया है.
15-20 दिनों का अल्टीमेटम
जमीन मालिक की ओर से बिरसा सेना के केंद्रीय अध्यक्ष दीनकर कच्छप ने कहा कि अगर 15 से 20 दिनों के भीतर पेट्रोल पंप को नहीं हटाया गया कि उसे जेसीबी लगाकर हटाने का काम किया जाएगा.
2012 में हुआ था एग्रीमेंट
पेट्रोल पंप के लिए 2012 में मसांग हांसदा की ओर से पांच साल के लिए एग्रीमेंट कर जमीन को लीज पर दिया गया था. लीज का समय 2017 में ही समाप्त हो गया है. अब परिवार के लोग जमीन को वापस लेना चाहते हैं.
रि-एग्रीमेंट की मांग
अब सुशीला ऑटोमोबाइल की ओर से जमीन का फिर से रि-एग्रीमेंट करने की मांग की जा रही है. जबकि जमीन मालिक इसके लिए अब तैयार नहीं हैं. वे हर हाल में अपनी जमीन वापस लेना चाहते हैं.
सुंदरनगर थाना प्रभारी ने क्या कहा
पूरे मामले में सुंदरनगर थाना प्रभारी पवन राय का कहना है कि सुशीला की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है. आवेदन के हिसाब से दोनों पक्ष के लोगों पर 107 की कार्रवाई की गई है. दोनों पक्ष की ओर से अपना जवाब अब एसडीओ के यहां देना है. आवेदन में कहा गया है कि उसे 30 साल की लीज पर जमीन दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
