जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव के पास मंगलवार को लावारिस हालत में घूम रही एक 13 वर्षीय किशोरी को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बरामद किया. किशोरी को फिलहाल बेलडीह ग्राम बस्ती में सुरक्षित रखा गया है और पूरे मामले की जानकारी बिष्टुपुर थाना पुलिस को दे दी गयी है. स्थानीय निवासी घनश्याम सोय ने बताया कि दोपहर के समय किशोरी बस्ती के पास संदिग्ध हालत में घूम रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे. यह देख आसपास मौजूद लोग शोर मचाते हुए मौके की ओर दौड़े. लोगों को आता देख दोनों युवक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए।
किशोरी ने बताया कि वह मुसाबनी थाना क्षेत्र के लेपा गांव की रहने वाली है. उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और मां ने दूसरी शादी कर ली है. बड़ी बहन बाहर काम करती है. किशोरी के अनुसार, एक महिला उसे मां से मिलवाने के बहाने चाईबासा ले गयी थी, जहां उस पर शादी करने का दबाव बनाया गया. डर के कारण वह वहां से भाग निकली और भटकते हुए मरीन ड्राइव पहुंच गयी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची. फिलहाल किशोरी सुरक्षित है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
