जमशेदपुर : शहर की लचर यातायात व्यवस्था एक बार फिर एक परिवार की खुशियां निगल गईं। साकची से मानगो जाने वाले मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास आज शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक चला रहे पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर बाइक व सवारों को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर चीख-पुकार मच गई, लोग सहम गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने की हर संभव कोशिश में जुटी है।
हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने साकची–मानगो मार्ग को जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां से महज 50 मीटर की दूरी पर यातायात थाना मौजूद है, इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर कोई नियंत्रण नहीं है। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दंपति की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रेलर चालक और वाहन की पहचान की जा सके। यह हादसा एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
हर दिन सड़क पर उतरते लोग अब यह पूछने को मजबूर हैं—क्या शहर की सड़कों पर उनकी जान सुरक्षित है?
