जमशेदपुर / मानगो : नगर निकाय चुनाव के माहौल के बीच मानगो मेयर पद को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष और मानगो की राजनीति का जाना-पहचाना नाम अंसार खान ने एक बड़ा और चौंकाने वाला ऐलान करते हुए मेयर पद के लिए अपनी पत्नी मोमिना बेगम के नाम की घोषणा की है।
अंसार खान ने कहा कि यह निर्णय किसी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि मानगो की बस्तीवासियों की इच्छा, भरोसे और मशवरे का परिणाम है। उन्होंने बताया कि बीते कई दिनों से वे लगातार मानगो क्षेत्र की बस्तियों में जनसंपर्क कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें अवगत कराया कि मानगो मेयर की सीट महिला के लिए आरक्षित है, ऐसे में उन्होंने सुझाव दिया कि आप अपनी पत्नी को इस जिम्मेदारी के लिए आगे बढ़ाइए।
बस्तीवासियों की आवाज़ बना फैसला…..
अंसार खान ने भावुक लहजे में कहा, “मैंने जो भी निर्णय लिया है, वह मानगो की जनता के विश्वास और समर्थन के आधार पर लिया है। बस्तीवासियों ने जिस भरोसे के साथ मोमिना बेगम के नाम का समर्थन किया, उसी ने मुझे यह फैसला लेने की ताकत दी।”
नाम नहीं, काम की पहचान….
गौरतलब है कि अंसार खान कांग्रेस के वरिष्ठ और जमीनी नेता हैं। वे पार्टी में कई अहम पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि रह चुके हैं तथा पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मानगो क्षेत्र की आवाम के बीच उनकी पहचान सिर्फ एक नेता की नहीं, बल्कि हर दुख-सुख में साथ खड़े रहने वाले इंसान की रही है। रोड हो या नाली, स्ट्रीट लाइट हो या बिजली पोल, ट्रांसफार्मर हो या पानी की समस्या — मानगो की हर बुनियादी परेशानी में अंसार खान सबसे आगे नजर आए।
नेता नहीं, मजदूर बनकर किया काम……
उनकी सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि उन्होंने कभी काम से दूरी नहीं बनाई। कई बार वे अपने कंधे पर सीढ़ी रखकर, मजदूर बनकर खुद स्ट्रीट लाइट ठीक करते हुए देखे गए। यही वजह है कि मानगो की जनता उन्हें सिर्फ नेता नहीं, बल्कि अपना आदमी मानती है।
दिन हो या रात, एक फोन पर हाजिर…….
मानगो की जनता कहती है कि “दिन हो या रात, बारिश हो या गर्मी — अंसार खान को एक फोन कीजिए, वे फौरन हाजिर मिलते हैं।” यही संवेदनशीलता, यही जमीनी जुड़ाव अब मोमिना बेगम के रूप में मानगो को एक नई उम्मीद देता दिखाई दे रहा है।
चुनावी फिजा में नया जोश…….
अंसार खान द्वारा मोमिना बेगम की घोषणा के बाद मानगो के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। समर्थकों में उत्साह है और बस्तीवासियों को भरोसा है कि जो सेवा अब तक अंसार खान करते आए, वही सेवा भावना मोमिना बेगम के नेतृत्व में और मजबूती से आगे बढ़ेगी।
