जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल परिसर में मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एसी और ऑक्सीजन पाइपलाइन से जुड़े कीमती सामान की चोरी करते एक युवक को होम गार्ड के जवानों ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी पहले उलीडीह थाना क्षेत्र में प्राइवेट ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। वह अस्पताल परिसर में लगे एसी यूनिट और ऑक्सीजन लाइन से जुड़े कॉपर मर्करी वायर को निकालकर चोरी करने की कोशिश कर रहा था।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे होम गार्ड जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना की सूचना संबंधित थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के पास से चोरी किया गया कॉपर वायर बरामद किया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की चोरी में शामिल रहा है या किसी गिरोह का हिस्सा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
