जमशेदपुर : शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टेंपो पर नशीले पदार्थ बेच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई इलाके में की गई, जहां टेंपो पर ब्राउन शुगर की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
वाहन चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी….
सिटी एसपी ने बताया कि उलीडीह रोड नंबर-एक पर चेकिंग के दौरान एक टेंपो को रोका गया। पुलिस को देखते ही टेंपो चालक और उस पर सवार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुष्पांजलि अपार्टमेंट के पास से तीनों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया।
ये हुए गिरफ्तार……
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं— सुशांत साव (18), निवासी आलमगंज, चरिटांड़, पटना (बिहार), अंशु कुमार (19), पंकज साव (31), निवासी मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड, कुंवर बस्ती।
क्या हुआ बरामद……
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 प्लास्टिक की पुड़िया में 10 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन, और एक टेंपो बरामद किया है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई…….
सिटी एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
