जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत एक बस्ती में अवैध निर्माण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय बस्तीवासियों का आरोप है कि अगल-बगल की बस्तियों में सड़क पर खुलेआम अवैध निर्माण कार्य जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं, बागे बस्ती में एक आदिवासी महिला अपने पुराने घर से लगभग 70 मीटर दूर नया निर्माण करा रही है, जिस पर प्रशासन ने रोक लगा दी है।
मामले को लेकर स्थानीय निवासी गोपाल लोहार ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एक ही क्षेत्र में अलग-अलग लोगों के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि संबंधित महिला ने निर्माण के लिए विधिवत अनुमति (परमिशन) ली है। जबकि अन्य लोगों से कथित रूप से कहा जा रहा है कि उन्होंने “बड़ा बाबू” से अनुमति नहीं ली है, इसलिए काम बंद करें।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि “बड़ा बाबू” के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। वायरल वीडियो में भी कुछ लोग इस तरह के आरोप लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि जिन लोगों ने कथित रूप से पैसा दिया है, उनका काम नहीं रोका जा रहा, जबकि अन्य को निशाना बनाया जा रहा है।
इस पूरे मामले ने बस्ती में आक्रोश का माहौल बना दिया है। लोगों ने प्रशासन से पारदर्शी जांच और समान कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण अवैध है तो सभी पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा यह भेदभाव और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देगा।
हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
(नोट: वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।)
