जमशेदपुर : चाकुलिया नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी चंदना मुर्मू के समर्थन में भाजपा नेत्री सह समाजसेवी डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन ने वार्ड संख्या 5 एवं 6 में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और उन्हें पार्टी की नीतियों एवं प्रत्याशी की प्राथमिकताओं से अवगत कराया।
डोर-टू-डोर प्रचार के क्रम में डॉ. सोरेन ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएँ सुनीं और उनके समाधान के लिए ठोस पहल का भरोसा दिलाया। जनसंपर्क के उपरांत आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निकाय का चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि अपने मोहल्ले और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि यदि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित रूप से लागू करना है तो एक सक्रिय, जवाबदेह और जमीनी जनप्रतिनिधि का चयन आवश्यक है। डॉ. सोरेन ने चंदना मुर्मू को जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं को नजदीक से समझती हैं और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहती हैं। उनके विजयी होने पर वार्ड का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा।
डॉ. सोरेन ने मतदाताओं से विकास, पारदर्शिता और सेवा की राजनीति को मजबूत करने के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की. इस अवसर पर मानु हांसदा, जयंत धोष, संजय महाकुर, रोहित सिंह, विक्रम सिंह, शिवा टुडू, पुनम पुष्टि, कल्पना महतो, मिना नाथ, दुर्गा पाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
