जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार यानी नवमी की देर रात खूंटाडीह स्थित कलिंगा दुर्गा पूजा पंडाल में उपद्रवियों ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि इन युवकों ने पत्थरबाजी कर कई कारों के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे खूंटाडीह के रहने वाले सूरज गोराई और सुमित उर्फ कल्लू समेत उनके कई साथी शामिल थे। आरोप है कि ये युवक अक्सर नशे की हालत में असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देते रहते हैं और कई मामलों में जेल भी जा चुके हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
