जमशेदपुर | जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान टुसु मेला में बुधवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डांस को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
डांस के विवाद से शुरू हुई खूनी झड़प
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेला देखने आए युवकों के दो गुटों के बीच डांस करने को लेकर कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ ही मिनटों में मारपीट शुरू हो गई और फिर चाकू निकल आए। आरोपियों ने मौके पर ही ताबड़तोड़ हमला कर दोनों युवकों को लहूलुहान कर दिया।
दो युवक गंभीर रूप से जख्मी……
हमले में सोनारी रूपनगर निवासी प्रेम मुखी और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रेम के पेट और हाथ में गहरे घाव आए हैं, जबकि संदीप के सीने और पीठ पर कई बार चाकू से वार किए गए। संदीप की हालत गंभीर होने पर उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच तेज…..
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर प्रारंभिक बयान दर्ज किए हैं। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
